उत्तरकाशी और नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
उत्तरकाशी-नैनीताल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कोर्ट परिसर व जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही तुरंत कोर्ट परिसर खाली कराए गए।
देहरादून। नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कोर्ट खाली कराया। पहले नैनीताल और उसके बाद उत्तरकाशी में जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
उत्तराकशी नगर कोतवाल भावना कैंथोला ने बताया कि जिला कोर्ट से मेल पर परिसर में आरडीएक्स होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, नैनीताल में न्यायालय को संदिग्ध ईमेल मिला है, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाने का दावा किया गया है। सूचना पर पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। अज्ञात ईमेल आईडी से भेजी गई इस मेल में दावा किया गया है कि कोर्ट परिसर में 12 आरडीएक्स आधारित आईईडी लगाए गए हैं, जो दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट कर सकते हैं। ईमेल में ईडब्ल्यूएस आरक्षण का भी उल्लेख किया गया है।
ई-मेल में लिट्टे व पाकिस्तान आईएसआई
ईमेल में प्रतिबंधित संगठन लिट्टे व पाकिस्तान आईएसआई का नाम भी लिखा गया है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां मेल की सत्यता की जांच कर रही हैं और इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद नैनीताल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ईमेल की शिकायत एसएसपी को भी की गई है ।पुलिस, बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड न्यायालय परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रहा है।
साइबर टीम को किया सक्रिय
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने व किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
