दो समुदाय के लोगों में बवाल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
देहरादून। सिंगलमंडी के कुसुम विहार में दो समुदाय के लोगों के बीच बवाल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला बढ़ने से रोक लिया। शहर कोतवाली ने बलवा कर रहे फरमान अहमद निवासी सिंगल मंडी, प्रविंद्र गुप्ता निवासी सिंगल मंडी व अन्य 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
उप निरीक्षक प्रवेश रावत ने बताया कि घटना रविवार रात की है। सूचना पर कोतवाली पुलिस को मौके पर पहुंची। लगभग 40 -50 लोग कुसुम बिहार में सड़क पर इकट्ठा होकर मारपीट कर रहे थे और एक-दूसरे से गाली-गलौज कर रहे थे। बलवा कर एक-दूसरे पर पत्थर फेंक रहे थे। अतिरिक्त पुलिस बुलाकर भीड़ को नियंत्रित किया गया। मामले की जांच की जा रही है।
रात को चौकी के बाहर हंगामा
कुसुम विहार सिंगल मंडी की घटना को लेकर रात 11 बजे विकास वर्मा, कुलदीप स्वेडिया, मुकेश आनंद आदि लगभग 40-50 लोगों ने लक्खीबाग चौकी के सामने नारेबाजी की। वह सड़क बैठ गए, जिससे आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का भी उल्लंघन किया गया। पुलिस ने उक्त सभी के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।
