Tue. Apr 21st, 2026

देहरादून में बुधवार को भी बनाया गया नया कन्टेंनमेंट जोन, डीएम ने सैंपलिंग बढ़ाने को कहा

-रांझावाला ढांग रायपुर (ढांग रोड पटवारी जी वाली गली) में कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति पाये गए हैं। जनहित में सुरक्षा के उपाय अपनाते हुए उक्त क्षेत्र को कन्टेंनमेंट जोन घोषित किया गया

-डीएम ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, मंडियों, होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट में साफ सफाई बनाये रखने को कहा। साथ ही सख्त निर्देश दिए कि उक्त स्थानों पर अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग और सामाजिक दूरी का पालन करवाया जाय

देहरादून। नगर निगम क्षेत्र देहरादून के रांझा वाला में कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति मिलने पर बुधवार को भी एक नया कन्टेंनमेंट जोन बनाया गया है। उक्त क्षेत्र को 14 दिन के लिए सील कर दिया गया है। देर शाम डीएम डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी किए। डीएम ने देहरादून में कोरोना जांच की सैंपलिंग बढ़ाने को भी कहा है।

डीएम ने बताया कि रांझावाला ढांग रायपुर (ढांग रोड पटवारी जी वाली गली) में कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति पाये गए हैं। जनहित में सुरक्षा के उपाय अपनाते हुए उक्त क्षेत्र को कन्टेंनमेंट जोन घोषित किया गया है।
डीएम ने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए जनपद के सभी एसडीएम को प्रभावी संर्विलांस कराने के साथ ही सैम्पलिंग बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, मंडियों, होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट आदि स्थानों पर साफ सफाई बनाये रखने को कहा। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि उक्त स्थानों पर अनिवार्य रूप से मास्क का उपयोग और सामाजिक दूरी का पालन करवाया जाय। साथ ही समय-समय पर वस्तुस्थिति का जायजा लेने के भी निर्देश दिये।

उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से आमजन को कोविड-19 संक्रमण के लक्षण व संक्रमण से बचाव के लिए किये जाने वाले उपायों के बारे में जागरूक किया जाय। सार्वजनिक स्थानों व बाजारों में मास्क का उपयोग न करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *