नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पति व सास को भेजा जेल
-जोड़या निवासी नवविवाहिता किरन की शनिवार की रात संदिग्ध हालात में हुई थी मौत। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाया गया है। आरोपी पति चम्पावत विकास भवन में नौकरी करता है। दूसरी तरफ, कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट परिजनों को नहीं दिखा रही है।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। चंपावत जनपद के लोहाघाट ब्लॉक (ग्राम सभा पाटन-पाटनी) में जोड़या निवासी नव विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। आरोपी पति चम्पावत विकास भवन में नौकरी करता है।
सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को जोड़या लोहाघाट निवासी नवविवाहित किरन देवी की मौत हो गई थी। मृतका के पिता खेतीखान डिंग्डवाल निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा ने थाने में तहरीर देकर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मृतका के पिता की तहरीर पर पति कुलदीप सिंह और सास हीरा देवी के खिलाफ 304-बी आईपीसी दहेज हत्या और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सीओ ने बताया कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। मामले में विवेचना जारी है।
पुलिस नहीं बता रही पोस्टमार्टम की रिपोर्ट
मृतका किरन की ढाई महीने पहले जोड़या गांव निवासी कुलदीप सिंह के साथ विवाह हुआ था। गत शनिवार की रात किरन की मौत हो गई। लेकिन, अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतका के पिता राजेन्द्र सिंह और चाचा सूरज सिंह का आरोप है कि किरन की गला घोंटकर हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं बता रही है। हालांकि, परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने सीधा दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
