Mon. Apr 20th, 2026

केदारनाथ में यात्रियों से खाने के लिए अधिक पैसे वसूलने वालों पर करें केस दर्ज: महाराज

-पर्यटन, सिंचाई, लोक निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी दिए अलर्ट रहने के निर्देश

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। प्रदेश में भारी बारिश व आपदा को दृष्टिगत रखते हुए पर्यटन, सिंचाई, लोक निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने अपने अधीनस्थ सभी विभागों के अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। उन्होने केदारनाथ में फंसे यात्रियों से वहां स्थित होटलों व रेस्टोरेन्ट वालों द्वारा खाने के लिए अधिक राशि वसूलने पर जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग को उनके विरूद्ध कार्यवाही के सख्त निर्देश दिए हैं।

महाराज ने कहा उनके संज्ञान में आया है कि भारी बारिश के चलते सड़कों के बंद होने के कारण केदारनाथ में फंसे यात्रियों से वहां स्थित होटल वं रेस्टोरेंट संचालक यात्रियों से 50 रूपये की खाने की थाली के बदले उनसे 500 की राशि वसूल रहे हैं। इस तरह की लूट कतई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग मनुज गोयल से दूरभाष पर बात कर ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध तत्काल कार्यवाही करते हुए चालान कटाने और केस दर्ज करने को कहा है। महाराज ने कहा कि यात्रियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। शाम तक सभी बाधित मार्गों को खोल दिया जाएगा।

महाराज ने कहा कि प्रशासन ने चारधाम यात्रा रूट पर सभी धर्मशालाओं को खुलवाने के साथ-साथ यात्रियों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी कर दी है। महाराज ने आपदा प्रबंधन सचिव एसए मुरुगेशन से बातचीत कर सुंदरखाल, रामनगर में फंसे लोगों को तत्काल रेस्क्यू करने के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियाती कदम उठाने के साथ पूरी तरह से मुस्तैद रहने को भी कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *