उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: कांग्रेस ने टाला उम्मीदवारों पर फैसला, भाजपा का इंतजार
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। विधानसभा चुनाव 2022 के लिए टिकट का दावा कर रहे कांग्रेसी नेताओं को और इंतजार करना होगा। हाईकमान ने उत्तराखंड के उम्मीदवारों को लेकर आज प्रस्तावित केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक को टाल दिया है। अब कल सीईसी की बैठक की उम्मीद है। इस बैठक में पहली लिस्ट जारी हो सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों का फैसला टालने के पीछे रणनीतिक वजह है। दिल्ली में भाजपा का पार्लियामेंट्री बोर्ड भी आज उत्तराखंड के प्रत्याशियों के पैनल पर चर्चा कर रहा है। भाजपा बैठक के बाद लिस्ट जारी कर सकती है। कांग्रेस को भी भाजपा की लिस्ट का इंतजार है। इससे प्रत्याशी चयन करने में कांग्रेस को और आसानी होगी।
प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर कांग्रेस जितनी जल्दबादी दिखा रही थी। आखिरी चरण में कांग्रेस उतनी ही सुस्त हो गई है। पहले कांग्रेस दिसंबर अंत तक पहली लिस्ट जारी करने का दावा कर रही थी। इसके बाद जनवरी के पहले हफ्ते में। अब 13 जनवरी से कांग्रेस के प्रदेश के शीर्ष ने दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी के साथ विमर्श कर रहे हैं। लेकिन अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंच पाए।
40 सीटों पर सहमति
कांग्रेस में 40 सीटों पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह कैंप के बीच सहमति है। लेकिन, 30 सीटों पर दोनों कैंप अपने-अपने चहेतों को टिकिट दिलाने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि प्रत्याशियों को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी के साथ मंथन हो चुका है। अंतिम निर्णय अब सीईसी व हाईकमान ने लेना है। हाईकमान के फैसले के अनुसार ही पार्टी आगे बढ़ेगी।
