एग्जिट पोल से हरीश रावत गदगद, सरकार बनने को लेकर आश्वस्त
-एग्जिट पोल आने के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। परिणाम तो दस मार्च को सामने आएंगे, लेकिन कांग्रेस और भाजपा दोनों अपनी सरकार बनने को लेकर आश्वस्त हैं।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। उत्तराखंड में एग्जिट पोल से भले ही भ्रम की स्थिति हो। लेकिन, हरीश रावत के मन में भ्रम नहीं है। रावत प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। मंगलवार को हुई कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि एग्जिट पोल एक्जिट पोल है।
रावत ने कहा कि हम लोगों की भावनाओं को जानते हैं, उन्होंने कांग्रेस को वोट दिया और बदलाव किया है। निर्णय कांग्रेस के पक्ष में होगा। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि हमें 43-45 सीटें मिलेंगी और सरकार बनाएंगे। नतीजे के बाद पार्टी नेताओं व आलाकमान से चर्चा की जाएगी कि मुख्यमंत्री कौन होगा।
हरीश रावत ने कहा कि 17 मार्च 2017 में कांग्रेस उत्तराखंड में पराजित हुई थी, पराजय बहुत गहरी थी। 10 मार्च 2022 को नई विधानसभा जन्म ले लेगी। नामकरण सदस्यों के शपथ ग्रहण के साथ होगा। लेकिन, जन्म 10 मार्च को हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पांच साल का फासला राजनैतिक कार्यकर्ता के रूप में मेरे लिए बेहद चुनौतियों से भरा था। एक अति बुरी पराजय से उबरने के लिए अपनों की मानसिक शक्ति की आवश्यकता थी।
