उत्तराखंड में भाजपा दोबारा बनाएगी सरकार, 20 साल का टूटा रिकॉर्ड
-उत्तराखंड में भाजपा ने 47 और कांग्रेस ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की है। जबकि, दो सीटों में निर्दलीय और दो सीटों में बीएसपी उम्मीदवार जीते।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड में 20 साल का टूटा रिकॉर्ड टूट ही गया है। भाजपा बहुमत के साथ उत्तराखंड में दोबारा सरकार बनाने जा रही है। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए हैं। लेकिन, भाजपा को बहुमत मिला है।
इस बार सबसे बड़ा मिथक सत्ताधारी दल के फिर न जीतने का टूटा है। भाजपा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है। दूसरी तरफ, पुष्कर सिंह धामी की हार से मुख्यमंत्री की हार का मिथक जिंदा हो गया है। आने वाले चुनावों में इन मिथकों की खूब गूंज रहेगी।
भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार दूसरी बार स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाकर साबित किया है कि सत्ता विरोधी रुझान से अपने काम और संगठन के दम पर पार पाया जा सकता है। इसके साथ पार्टी ने सत्ता में रहकर जीत न पाने का चार बार से चला आ रहा मिथक भी झुठला दिया है।
सरकार में रहकर चुनावों में जाने वाली पार्टी को इससे पहले हर बार हार का सामना करना पड़ता था। माना जाता था कि छोटे राज्यों में किसी भी दल के लिए मतदाताओं की उम्मीदों पर खरा उतरना मुमकिन नहीं है। लेकिन, इस बार भाजपा न सिर्फ जीती है बल्कि शानदार बहुमत के साथ सरकार में लौटी है। ऐसा पहली बार हुआ है कि मंत्रीमंडल के ज्यादातर सदस्य फिर जीतने में कामयाब हुए। सिटिंग विधायक भी ज्यादातर जीत गए हैं। इस तरह एक मिथक पूरी तरह फेल साबित हुआ है।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के नतीजे
पार्टी/साल 2017 2012 2007 2002
बीएसपी – 03 08 07
भाजपा 57 31 35 19
कांग्रेस 11 32 21 36
एनसीपी – – – 01
यूकेडी – 01 03 04
निर्दलीय 02 03 03 03
कुल 70 70 70 70
पहले राउंड में ही पिछड़ गए सीएम पुष्कर सिंह धामी
पुष्कर सिंह धामी को अपने गृहक्षेत्र खटीमा विस क्षेत्र से करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी और कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष भुवन कापड़ी ने 6,579 वोटों से करारी शिकस्त दी। सीएम धामी मतगणना शुरू होते ही पहले राउंड में ही कापड़ी से पिछड़ गए। दस चक्र में हुई मतगणना में सिर्फ दूसरे और दसवें राउंड में ही उन्हें मामूली बढ़त मिली। जबकि, पिछले विस चुनाव में भुवन कापड़ी को धामी के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था। धामी की हार से समर्थकों में मायूसी है।
सीएम के गृह जनपद में चार सीटों पर सिमटी भाजपा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खुद खटीमा से चुनाव हार गए। वहीं, पूरे प्रदेश में भाजपा के शानदार प्रदर्शन के बाद भी ऊधमसिंह नगर जिले में भाजपा का प्रदेश में कमजोर रहा। पिछले विस चुनाव में यहां नौ में से आठ सीटें भाजपा ने जीती थीं। इस विस चुनाव में भाजपा चार सीटों पर सिमट गई। जबकि, कांग्रेस ने जिले में दमदार वापसी करते हुए पांच सीटें जीती। जसपुर, बाजपुर, किच्छा, नानकमत्ता और खटीमा सीट पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया। जबकि,रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर और सितारगंज की सीट भाजपा जीत पाई।
