Mon. Apr 20th, 2026

उत्तराखंड में पानी भी होगा महंगा, एक अप्रैल से 9 से 15 फीसद बढ़ जाएगा बिल

उत्तराखंड में एक अप्रैल से पीने का पानी भी महंगा हो जाएगा। शहरी क्षेत्रों में अब तक तीन महीने का पानी का बिल 1385 रुपये आ रहा है। लेकिन, एक अप्रैल से इसमें 15 प्रतिशत तक की वृद्धि हो जाएगी। इस लिहाज से बिल में 150 से 200 रुपये बढ़ जाएंगे।

शहरी क्षेत्रों में पानी का बिल हाउस टैक्स के हिसाब से तय होता है। इसमें हर वर्ष लगभग 15 प्रतिशत बढ़ोतरी होती है। जबकि, ग्रामीण क्षेत्रों में घर में लगे नलों की संख्या के आधार पर बिल आता है, उसी हिसाब से उसमें बढ़ोतरी की जाती है। दो नल होने पर बिल में 9 प्रतिशत और दो से अधिक नल होने पर 15 प्रतिशत तक की बिल में बढ़ोत्तरी होती है। जल संस्थान हर तीन महीने में पानी के बिल जारी करता है।

जल संस्थान फिलवक्त तक औसत के आधार पर बिल तय करता है। अभी कई जगह पानी के मीटर नहीं लगे हैं। देहरादून में मेंहूवाला क्लस्टर योजना के तहत आने वाले क्षेत्रों के साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में अब पानी के मीटर लग गए हैं। ऐसे में लोगों को मीटर की रीडिंग के आधार पर बिल देना पड़ेगा। वहीं, 16 रुपए मीटर का भी अतिरिक्त देना पड़ेगा।

जल संस्थान की मुख्य महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग ने बताया कि पानी के बिल में हर साल नौ से 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती है। यह शासन स्तर पर निर्धारित होता है। इस वर्ष भी एक अप्रैल से शासन के निर्देशों के अनुसार पानी के बिल में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *