Sat. Sep 27th, 2025

चमोली आपदा : विपदाओं से घिरी बिटिया विदा…सादगी से विवाह

बीते दिनों चमोली में आई आपदा ने लोगों के सामने बड़ा संकट खड़ कर दिया। जिस वजह से सादगी के साथ नीमा का विवाह संपन्न हुआ। आपदा में परिवार की जमा पूंजी चली गई।

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। मोक्ष गदेरे की बाढ़ में मकान और शादी का सामान बहने के बाद सेरा गांव के महिपाल सिंह गुसांई की बेटी नीमा की शादी बुधवार को गोपेश्वर के बरातघर में संपन्न हुई। आपदा का दर्द समेटे बेटी नीमा को विदा करने गांव के सभी आपदा प्रभावित और नाते-रिश्तेदार पहुंचे थे। अपना दर्द भुलाकर मायके पक्ष के लोगों ने बिटिया को विदा किया। इस दौरान वहां मौजूद हर बराती की आंखें छलक उठीं।

17 सितंबर की रात को धुर्मा गांव की पहाड़ियों पर बादल फटने के बाद आए सैलाब ने मोक्ष गदेरे को रौद्र रूप में तब्दील कर दिया। गदेरे के तेज बहाव में सेरा गांव में आठ मकान बह गए, जबकि अन्य मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। महिपाल सिंह का मकान भी इस आपदा में बह गया।

23-24 सितंबर को बेटी नीमा की शादी कलसीर डाडों (पोेखरी) गांव के गौरव सिंह के साथ तय हुई थी। पूरा परिवार शादी की तैयारी में लगा था लेकिन, सैलाब में मकान बहने से परिवार पूरी तरह से टूट गया था लेकिन, नाते रिश्तेदारों ने हौंसला दिया तो गोपेश्वर में बिटिया की शादी सादे समारोह के साथ संपन्न हुई।

बुधवार को अपराह्न पांच बजे बरात पोखरी के लिए रवाना हुई। आपदा प्रभावित महिपाल गुसांई की बेटी की शादी में जिला स्तरीय अधिकारी भी जुटे। जिला जज के साथ ही जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी के साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने विवाह समारोह में पहुंच कर दुल्हन को आशीर्वाद दिया। आपदा प्रभावित महिपाल गुसांई का कहना है कि घर बहने के बाद हिम्मत टूट गई थी लेकिन, नाते-रिश्तेदारों ने हौंसला दिया। विवाह संपन्न कराने में सभी का सहयोग मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *