Mon. Jan 19th, 2026

उत्तराखंड विधानसभा में बैठी बाल मुख्यमंत्री सृष्टि गोस्वामी, 13 विभागों की समीक्षा की

-राष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित किया गया बाल विधायक सदन। मनोनीत मुख्यमंत्री ने की विभागों समीक्षा। 13 विभागों ने दिया प्रस्तुतीकरण। मनोनीत मुख्यमंत्री ने विभिन्न मुद्दों पर दिए सुझाव।

देहरादून (dehradun)। राष्ट्रीय बालिका दिवस (national daughters day) पर रविवार को मनोनीत बाल मुख्यमंत्री सृष्टि गोस्वामी ( child CM shrishti goswami) की अध्यक्षता में विधायक सदन आयोजित किया गया। बाल मुख्यमंत्री ने सदन में महिला व बाल संरक्षण और विभिन्न विकास कार्यो के संबंध में सुझाव साझा किये। उन्होंने बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने के लिए वाहनों में सुरक्षित माहौल बनाने, घरेलू हिंसा, नशाखोरी और बाल अपराधों पर लगाम लगाने की बात कही। साथ ही महिलाओं को सुरक्षित, सहज और सर्व स्वीकार्य वातावरण बनने के सुझाव दिये।


बाल सदन में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। 13 विभागों ने सदन में विभागीय प्रस्तुतिकरण दिया। विभागीय समीक्षा व प्रस्तुतिकरण से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री की अनुमति से बाल सदन आयोजित की गई। नेता प्रतिपक्ष आसिफ हसन ने सदन में सरकार के समक्ष प्रश्न उठाये। मनोनीत मुख्यमंत्री व उनकी अनुमति से अन्य मंत्री व बाल विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष के सवालों का जवाब दिया।

विभागों में मनोनीत मुख्यमंत्री को दी जानकारी

बाल विकास विभाग ने विभागीय प्रस्तुतिकरण प्रस्तुत करते हुए महिला, बच्चों, दिव्यांगजनों, निराश्रितों के हित में सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं जानकारी दी। साथ ही उनके कल्याण के लिए किए गए काम भी बताए। इस दौरान महिला व बच्चों से संबंधित अपराध, उनका उन्मूलन, महिला व बच्चों के समुचित विकास के लिए कदम उठाने को कहा गया।
लोक निर्माण विभाग ने राज्य में बन रहे पुल, सड़क और अन्य संपर्क निर्माण कार्यो की जानकारी मनोनीत मुख्यमंत्री को दी। सिंचाई विभाग ने सूर्याधार झील, अन्य संचालित व निर्मित होने वाली परियोजनाओं का प्रस्तुतिकरण दिया। पुलिस विभाग ने अपराधों की प्रकृति व उनके उन्मूलन के लिए उठाये गये प्रयासों व अभिनव स्टेप्स से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने बाल अपराध की रोकथाम, साईबर क्राइम की रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान, अापरेशन सत्य और बाल तस्करी मुक्ति के लिए चलाए जा रहे आपरेशन स्माईल के उदाहरण प्रस्तुत किये। इसके अलावा उद्योग विभाग, उरेडा, स्मार्ट सिटी, शिक्षा आदि विभागों ने भी विभागीय प्रस्तुतिकरण दिया।

बालिकाओं का बढ़ता है आत्मविश्वास: धन सिंह

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत (आज के मुख्यमंत्री प्रतिनिधि) ने कहा कि इस तरह के आयोजन से बालिकाओं के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। साथ ही सरकार की कार्यशैली व उनकी विशिष्ट प्रक्रियाओं से व्यावहारिक रूप में समझने का मौका भी मिलता है। उत्तराखण्ड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष उषा नेगी ने कहा कि बालिकाओं व बच्चों को इस तरह के बाल सदन में अवसर देने पर उनको जीवन में आगे बढने और कुछ करने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही शासकीय व प्रशासनिक क्रियाविधि की भी स्पष्ट जानकारी मिलती है।

अपर सचिव झरना कमठान भी रही मौजूद

बाल विधायकों में मनोनीत मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष के अलावा मनोनीत गृहमंत्री कुमकुम पन्त, जान्हवी, हरेन्द्र, चिराग, मानसी, ऋतिका आदि ने समीक्षा बैठक में प्रतिभाग किया। अपर सचिव बाल विकास झरना कमठान ने बाल सदन के सम्पन्न होने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *