Tue. Jan 20th, 2026

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पद के लिए पुष्कर सिंह धामी चर्चाओं में सबसे आगे

-कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए चर्चाओं में सबसे आगे है। धामी बुधवार को नई दिल्ली से अपनी विधानसभा खटीमा पहुंचे थे। गुरुवार शाम को वह देहरादून लौट आए। देहरादून लौटकर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक से मिलने उनके घर गए।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। भाजपा ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। लेकिन, सियासी चर्चाओं में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सबसे आगे हैं। उनके बाद कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ धन सिंह रावत, पूर्व सीएम डॉ रमेश पोखरियाल निशंक व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के नाम की चर्चा है।

पुष्कर सिंह धामी बुधवार को नई दिल्ली से अपनी विधानसभा खटीमा पहुंचे थे। गुरुवार शाम को वह देहरादून लौट आए। देहरादून लौटकर वह पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के
घर गए। धामी ने उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं।

गुरुवार को भी मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चर्चा का बाजार गर्म रहा। अटकलों में धामी सबसे आगे चल रहे हैं। माना जा रहा है कि चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले पार्टी के दो प्रमुख नेताओं भी धामी के पक्ष में हैं। लेकिन, केंद्रीय नेतृत्व ने अभी इशारा नहीं किया है। इससे रहस्य गहरा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व की चौंकाने वाले फैसलों की परंपरा के चलते रहस्य ज्यादा गहरा हो रहा है।

बंशीधर भगत व गणेश जोशी दिल्ली में
प्रोटेम स्पीकर बनाए गए भाजपा के सबसे वरिष्ठ विधायक बंशीधर भगत दिल्ली गए तो सियासी हलकों में उनके नाम की भी चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, भगत ने कहा कि उन्हें किसी ने नहीं बुलाया है, वह अपने निजी कार्य से दिल्ली में हैं। भगत ने उनके बारे में की जा रही चर्चा को निराधार बताया। गुरुवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी दिल्ली का रुख किया। उनके बारे में चर्चा गरमाई कि वह केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *