Mon. Jan 19th, 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री होंगे कर्नल अजय कोठियाल

– कर्नल अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी के उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज देहरादून में यह घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने ये फैसला लिया है।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड में कर्नल अजय कोठियाल आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने देहरादून में आज यह घोषणा की है। केजरीवाल ने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने यह फैसला सुनाया है। विदित है आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की जनता से सवाल पूछा था कि वो किसे मुख्यमंत्री चाहते हैं। पार्टी के सर्वे में कर्नल अजय कोठियाल का नाम अधिकतर लोगों ने लिया। इसके बाद ही पार्टी ने आज कर्नल के नाम की घोषणा की।

देहरादून के सर्वे चौक स्थित आईटीडीआर सभागार में केजरीवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री पद की बड़ी घोषणा की। मनीष सिसोदिया गत दिनों रुड़की आए थे तो उन्होंने सार्वजनिक सभा में पूछा था कि उत्तराखंड की जनता कर्नल अजय कोठियाल जैसे ईमानदार आदमी को मुख्यमंत्री चाहती है या किसी अन्य पार्टी के भ्रष्ट नेता को। तब चर्चा जोरों पर थी कि आप कर्नल अजय कोठियाल को उत्तराखंड में मुख्यमंत्री का चेहरा बना सकती है। आज अरविंद केजरीवाल ने कर्नल अजय कोठियाल के नाम की घोषणा कर दी, यह साफ कर दिया।

टिहरी गढ़वाल के मूल निवासी हैं कर्नल अजय कोठियाल

कर्नल अजय कोठियाल मूलरूप से टिहरी गढ़वाल के चौंपा गांव के हैं। उनका जन्म 26 फरवरी 1969 को हुआ। 7 दिसंबर 1992 को सेना में गढ़वाल राइफल्स की चौथी बटालियन में बतौर सेकेंड लेफ्टिनेंट सैन्य जीवन की शुरूआत की। कोठियाल ने सेना में रहते हुए कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की। उन्होंने सात आतंकवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया था। मुठभेड़ में लगी आतंकियों की गोली आज भी उनके शरीर में मौजूद है। इस वीरता के लिए उन्हें शौर्य चक्र मिला। दो बार एवरेस्ट फतह करने के लिए कीर्ति चक्र मिला। उन्हें विशिष्ट सेवा मेडल भी मिला। कोठियाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग के प्राचार्य भी रहे हैं। कर्नल कोठियाल गढ़वाल के पहाड़ी जनपदों में सक्रिय हैं। यहां पर उनकी बड़ी टीम भी लगातार काम करती रही है। इस तरह विधानसभा सीटों के समीकरण देखें तो करीब 21 विधानसभा सीटों पर कर्नल कोठियाल की पकड़ है।

यूथ फाउंडेशन के माध्यम से युवाओं में पैठ

कर्नल अजय कोठियाल यूथ फाउंडेशन भी संचालित करते हैं। सेना में रहते हुए ही कोठियाल ने उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस में जाने के लिए यूथ फाउंडेशन की स्थापना की। फाउंडेशन ग्रामीण युवाओं को सेना में भर्ती से जुड़ी ट्रेनिंग देता है। यूथ फाउंडेशन सेना में भर्ती प्रशिक्षण शिविर लगाता है, इसमें युवाओं को निशुल्क रहना-खाना व ड्रेस दी जाती है। यूथ फाउंडेशन अब तक प्रदेश के दस हजार से भी ज्यादा युवाओं को सेना व पैरामिलिट्री में रोजगार दिला चुका है। इतना ही नहीं पहाड़ों के गरीब और असहाय मरीजों का फ्री में इलाज भी करवा रहे हैं। इस तरह कर्नल अजय कोठियाल लोगों के बीच काफी पॉपुलर भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *