Tue. Jan 20th, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी के नाम पर होगा पंतनगर औद्योगिक क्षेत्र, धामी ने की घोषणा

-कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी को देर से ही सही लेकिन सम्मान मिला है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिवारी को यह सम्मान दिया है। चुनावी साल में धामी ने पंतनगर औद्योगिक क्षेत्र को स्व. तिवारी के नाम पर रखने की घोषणा की है। इस तरह सियासी परिपाटी बदलते हुए धामी ने सकारात्मक संदेश भी दिया है।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। ऊधमसिंहनगर जिले का पंतनगर औद्योगिक क्षेत्र अब पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के नाम से जाना जाएगा। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने औद्योगिक क्षेत्र का नामकरण स्व. तिवारी के नाम करने की घोषणा की। धामी ने कहा है कि स्व. नारायण दत्त तिवारी ने उत्तर-प्रदेश व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री के रूप में राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए काम किया। उनके काम के लिए तिवारी को सम्मान मिलना चाहिए

गौरतलब है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य को औद्योगिक पैकेज दिया था। उस समय नारायण दत्त तिवारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री थे। तिवारी ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से नवसृजित राज्य में औद्योगिक विकास की नींव रखी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर पंडित नारायण दत्त तिवारी के राज्य के प्रति योगदान को सम्मानित करने व उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए पंतनगर औद्योगिक क्षेत्र का नामकरण उनके नाम पर किया जा रहा है।

धामी की घोषणा के सियासी मायने भी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस घोषणा को सियासी मायने से भी देखा जा रहा है। स्व. तिवारी की सोमवार को जन्मदिवस व पुण्यतिथि है। 18 अक्तूबर 2018 को उनका निधन हुआ था। उत्तर-प्रदेश के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे तिवारी की राजनीति में विशिष्ट पहचान थी। उत्तराखंड राज्य बनने के बाद 2002 में पहली निर्वाचित सरकार में तिवारी मुख्यमंत्री बने। पर्वतीय राज्य में औद्योगिक विकास की नींव स्व. तिवारी ने रखी थी। उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल में राज्य में कई बड़े उद्योग स्थापित हुए थे। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व की ओर से जिस पर विपक्ष के दिग्गज नेताओं का सम्मान कर भावनात्मक रूप से श्रेय लिया है। उसी तरह से उत्तराखंड में धामी ने भी कांग्रेस के दिग्गज नेता स्व. नारायण दत्त तिवारी को सम्मान दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *