Sun. Jun 8th, 2025

घनसाली से लापता महिला मुंबई में मिली, ऋषिकेश गंगा घाट पर मिला था सुसाइड नोट

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। टिहरी गढ़वाल के घनसाली से हफ्तेभर पहले लापता महिला मुंबई में मिली है। ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर उसका सामान और सुसाइड नोट मिला था। सुसाइड नोट में उसने सास और पति पर बच्चा न होने के कारण परेशान करने का आरोप लगाया था। लेकिन, अब मामला प्रेम प्रसंग का उजागर हो रहा है। महिला के गंगा में डूबने की आशंका में पुलिस व एसडीआरएफ टीम गंगा में सर्च अभियान चला रही थी। लापता महिला के मुंबई में सलामत होने की जानकारी पर पुलिस ने राहत की सांस ली है। जबकि, महिला के परिजन उसे लेने मुंबई रवाना हो गए हैं।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि 24 वर्षीय मंजू पंवार पत्नी दीपक निवासी ग्राम तुंग पोस्ट बाजियाल गांव थाना घनसाली ( जनपद टिहरी गढ़वाल) 12 अगस्त की सुबह छह बजे घर से लापता हो गई थी। महिला की गुमशुदगी उसके पति ने घनसाली थाने में दर्ज कराई थी। पहले दिन मंजू के मोबाइल की लोकेशन त्रिवेणी घाट चौकी के गंगा तट स्थित नाव घाट पर मिली। घाट से मंजू का ट्राली बैग मिला। बैग में एक डायरी और सुसाइड नोट मिला। नोट में उसने पति व सास पर बच्चा न होने के कारण परेशान करने का आरोप लगाया था।

महिला के मायके वाले गली नंबर-दो साईं विहार चोपड़ा फार्म श्यामपुर ऋषिकेश में रहते हैं। घनसाली थानाध्यक्ष शिव मोहन शाह ने बताया की महिला के मुंबई में होने की जानकारी मिली है। परिजन उसे लेने मुंबई चले गए हैं। पुलिस का कहना है कि महिला के लापता होने का मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *