Sun. Oct 26th, 2025

घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत

उत्तरकाशी में एक घर की दीवार गिरने से परिवार के चार सदस्य मलबे में दब गए। राहत बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। 

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। उत्तरकाशी जिले के ग्राम ओडाटा के मोरा तोक स्थित गुजर बस्ती में दर्दनाक हादसा हो गया। घर की दीवार गिरने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। राजस्व, एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।

शुक्रवार रात करीब दो बजे गुलाम हुसैन के आवासीय मकान की दीवार अचानक ढह गई। जिससे घर में सो रहे परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। मृतकों की पहचान गुलाम हुसैन (26 वर्ष), उनकी पत्नी रुकमा खातून (23 वर्ष), पुत्र आबिद (3 वर्ष) और 10 माह की पुत्री सलमा के रूप में हुई है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही तहसीलदार मोरी जब्बर सिंह असवाल, राजस्व उप निरीक्षक, एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) और पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

तहसीलदार ने घटना की पुष्टि की। बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था। लेकिन, दुर्भाग्यवश चारों सदस्यों को बचाया नहीं जा सका। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दीवार गिरने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। क्षेत्र में हुई हालिया भारी बारिश या मकान की स्थिति को एक संभावित कारक के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *