नैनीताल में शत्रु संपत्ति उत्तराखंड सरकार को आवंटित

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जानकारी। धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया।
शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। नैनीताल स्थित शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल होटल परिसर को अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक उत्तराखंड सरकार को दिया गया है। सरकार पार्किंग के रूप में इसका उपयोग करेगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नैनीताल में पार्किंग की गंभीर समस्या को देखते हुए शत्रु संपत्ति मैट्रोपोल होटल परिसर के खुले स्थान को पार्किंग के लिए अस्थायी रूप से आवंटित करने का अनुरोध किया था।मुख्यमंत्री के अनुरोध को स्वीकार करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा नैनीताल स्थित शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल होटल परिसर को अस्थायी रूप से, आगामी आदेश तक, पार्किंग के रूप में उपयोग के लिए उत्तराखंड सरकार को आवंटित कर दिया गया है।
इस निर्णय से नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल में आने वाले पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। पार्किंग की बढ़ती समस्या से निजात मिलने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा।मुख्यमंत्री धामी ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नैनीताल में पार्किंग की समस्या को दूर करने में काफी सुविधा होगी।