Tue. Feb 10th, 2026

औली में दो अलग-अलग स्लोप पर होंगी नेशनल स्कीइंग की प्रतियोगिताएं

राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियागिता में आईटीबीपी, सेना, सीआरपीएफ, उत्तराखंंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, लद्दाख, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, उड़ीसा, कर्नाटक शामिल है। जिसमें लगभग 200 खिलाड़ी शामिल होंगे। पूरी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्राफी प्रदान की जाएगी।

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो)। औली में पहली बार टेक्निकल कमेटी के निर्णय के बाद राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप दो अलग अलग स्कीइंग स्लोप पर आयोजित होगी। इसका खाका भी तैयार कर लिया गया है। खेलों के आयोजन को लेकर समिति की ओर से तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं। औली के मुख्य नंदा देवी स्लोप पर बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिसे देखते हुए चैंपियनशिप दो अलग-अलग स्लोप पर की जा रही है। विंटर कॉर्निवाल के साथ ही राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 फरवरी तक होगा।

सोमवार को विंटर गेम्स फैडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने प्रेस वार्ता कर कहा कि औली में विंटर कॉनिवाल के साथ ही राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। विंटर कॉर्निवाल का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से आयोजित किया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता विंटर गेम्स फैडरेशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित की जाएगी।

कहा कि औली में तेजी से बर्फ पिघल रही है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि स्कीइंग की प्रतियोगिताएं अलग-अलग स्लोप पर आयोजित की जाएंगी। नंदा देवी स्लोप के आठ नंबर टावर के शुरुआत प्वाइंट पर स्की माउंटेनियरिंग व स्नो बोर्ड प्रतियोगिता होगी, दस नंबरटावर के ऊपर से टी लाइन से एल्पाइन की प्रतियोगिता होगी। स्लोप पर जहां-जहां बर्फ की कमी है, वहां दूसरे स्थानों से बर्फ लाकर स्लोप को भरा जा रहा है।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान की टीम को 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। पूरी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्राफी प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *