उत्तराखंड में इस बार जुलाई से शुरू होगा नया शिक्षा सत्र
-मई में बोर्ड और गृह परीक्षाएं होगी। जून में बोर्ड परीक्षा परिणाम भी आ जाएगा। इसके बाद शुरू जुलाई से होगा सत्र
देहरादून (Dehradun)। उत्तराखंड में नया शिक्षा सत्र (new educational session) जुलाई से शुरू हो जाएगा। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे (education minister Arvind Pandey) ने यह बात कही है। उम्मीद है कि जुलाई में कक्षा एक से पांचवीं तक की पढ़ाई भी शुरू हो जाएगी।
गौरतलब है कोविड 19 (covid-19) के बाद से पूरे देश में अभी कक्षा एक से लेकर पांचवी तक के स्कूल नहीं खुल पाए हैं। अधिकतर राज्यों में छठवीं से लेकर 12वीं तक ही स्कूल खुले हैं। उत्तराखंड में भी छठवीं से लेकर 12वीं तक के स्कूल खुल गए हैं। अब सवाल यह है कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू कब से होगा।
नया शैक्षणिक सत्र एक अप्रैल से शुरू होता है यानी मार्च तक गृह परीक्षाएं हो जाने के साथ ही परीक्षा परिणाम जारी भी हो जाता है। साथ ही बोर्ड परीक्षाएं भी संपन्न हो जाती हैं और अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाता है। लेकिन, इस बार कोविड-19 की वजह से बोर्ड परीक्षाओं में भी देरी हुई है और अब गृह परीक्षाएं भी बोर्ड परीक्षाओं के साथ उत्तराखंड में होनी है। मई तक बोर्ड परीक्षाएं और गृह परीक्षाएं हो जाएंगी। इसलिए नये शैक्षणिक सत्र को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि नया शैक्षणिक सत्र कब शुरू होगा। अब शिक्षा मंत्री साफ़ कर दिया है कि शैक्षणिक सत्र जुलाई से शुरू होगा।
