नन्दादेवी राजजात के लिए 109.65 करोड़ स्वीकृत: महाराज
विधानसभा के बजट सत्र में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा को सुगम व सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां चल रही हैं।

देहरादून/गैरसैंण। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने विधानसभा के प्रथम सत्र के दूसरे दिन सदन में विधायक बृजभूषण गैराला की ओर से पूछे गए तारांकित प्रश्न के जवाब में महाराज ने सदन को बताया कि नन्दादेवी राजजात यात्रा के लिए वर्तमान तक संबंधित विभिन्न विभागों की ओर से 48 कार्यों के लिए 109.65 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गयी है। संबंधित विभाग अपने स्तर से काम करवा रहे हैं।
सतपाल महाराज ने सदन को बताया कि नंदादेवी राजजात यात्रा को सुगम व सुव्यवस्थित बनाने के लिए सीडीओ चमोली को यात्रा अधिकारी नामित किया गया है। डीएम चमोली ने नन्दादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों के लिए प्रभागीय वनाधिकारी बद्रीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर व एसडीएम चमोली, कर्णप्रयाग व थराली को जोनल मजिस्ट्रेट नामित किय है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक पड़ाव के लिए भी पड़ाव अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
महाराज ने बताया कि पर्यटन विभाग शासन के निर्देश पर नन्दादेवी राजजात यात्रा की तैयारियों के तहत विभिन्न आवश्यक लघु प्रकृति के कार्यों को जल्द करने के लिए डीएम चमोली को 20.00 करोड़ रुपये की धनराशि निर्गत की है।
