Wed. Feb 11th, 2026

शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे जी ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म करने का शासनादेश भी करवा दीजिए… प्लीज़

-शीतकालीन अवकाश समाप्त करने को लेकर शिक्षकों व शिक्षक संघ पदाधिकारियों में आक्रोश। जिलाध्यक्ष टिहरी श्याम सिंह सरियाल ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे को लिखा पत्र

देहरादून (dehradun)। शीतकालीन अवकाश समाप्त करने को लेकर प्रदेशभर के शिक्षकों व राजकीय शिक्षक संघ के पदाधिकारियों में भारी आक्रोश है। संघ के टिहरी गढ़वाल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह सारियाल ने शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि शिक्षा मंत्री जी शीतकालीन अवकाश की तरह ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त करने के लिए भी शासनादेश करवा दीजिए ताकि शिक्षक उस वक़्त भी बच्चों को पढ़ा सकें।
सरियाल ने लिखा है कि आपके द्वारा शीतअवकाश समाप्त करने संबंधी शासनादेश सo 579 जारी करवाया गया। महोदय सभी शिक्षक आपसे मांग करते हैं कि छात्रहित और प्रदेश हित को देखते हुए प्रदेश के विद्यालयों में होने वाले ग्रीष्मकालीन अवकाशों को भी इसी तर्ज़ पर समाप्त करवाने के लिए शासनादेश जारी किया जाय, जिससे शिक्षक पूरे वर्षभर प्रदेश के छात्र-छात्राओं को अधिक मात्रा में पठन-पाठन करवा सके, क्योंकि शीतकालीन/ग्रीष्मकालीन अवकाश कहीं न कहीं पठन-पाठन को बाधित करते हैं।
अत: छात्रहित को देखते हुए ग्रीष्मकालीन अवकाशों को भी समाप्त करवाने का कष्ट करेंगे, जिससे शिक्षक पूरे मनोयोग से वर्षभर प्रदेश के नौनिहालों को अध्यापन कार्य करवा पाने का अवसर मिल पाएगा और प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर हो सके। हम आपके आभारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *