Mon. May 26th, 2025

गढ़वाल से कुमाऊं तक, पहाड़ बर्फ से लकदक, बारिश व बर्फबारी जारी

उत्तराखंड के पहाड़ों क्षेत्रों में हुई बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश

देहरादून (dehradun)। उत्तराखंड में गढ़वाल और कुमाऊं की पहाड़ियां आज बर्फ (snow fall) से लकदक हो गई हैं। चारों धाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री भी भारी बर्फबारी हुई है। जबकि, राज्य के मैदानी क्षेत्रों में दिनभर बारिश हुई। बर्फबारी और बारिश से पूरा राज्य ठंड की चपेट में आ गया है।
उत्तराखंड में बुधवार से ही बारिश (rain) शुरू हो गई थी। राज्य की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को भी बर्फबारी हुई। पहाड़ों की रानी मसूरी और धनोल्टी में गुरुवार सुबह हल्की बारिश हुई, इसके बाद बर्फबारी शुरू हो गई। रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच बर्फ की हल्की फुहारें पड़ती रही, इससे मौसम खुशगवार हो गया। लोगों जहां ठंड से परेशान हैं। वहीं, मसूरी पहुंचे सैलानियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल बना हुआ है।

मसूरी में 28 दिसंबर को हुई थी पहली बर्फबारी

मसूरी में 28 दिसंबर को सीजन की पहली बर्फबारी हुई थी। आज मसूरी के अलावा धनोल्टी और बुरांशखंडा क्षेत्र में हल्की बर्फ पड़ी है। धनोल्टी और बुरांशखंडा में बर्फबारी होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों के चेहरों पर रौनक आ गई है।

राजधानी देहरादून में सुबह से बारिश

देहरादून में सुबह की हल्की बारिश शुरू हो गई थी। दिनभर रुक रुक कर बारिश होती रही। शाम चार बजे तेज़ बारिश शुरू हुई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी। दो दिन से रुक रुककर हो रही बारिश से देहरादून में भी ठंड बढ़ गई है।

चारधाम भी बर्फ से ढके

बुधवार शाम को शुरू हुई बर्फबारी गुरुवार दिभर भी जारी रही। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत हेमकुंड साहिब बर्फ से ढक गए हैं। गंगा व यमुना घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों ने फिर बर्फ की चादर ओढ़ ली है। निचले हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू होने से तापमान में गिरावट आ गई, जिस कारण ठंड बढ़ गई है। वहीं, केदारनाथ धाम समेत द्वितीय केदार मद्महेश्वर, तृतीय केदार तुंगनाथ व चंद्रशिला में भी बर्फबारी हुई।

औली ने ओढ़ी बर्फ की चादर

औली में बुधवार शाम को बर्फबारी शुरू हो गई थी। तड़के तक औली पूरी तरह से बर्फ से ढक गई। सुबह मौसम खुला, लेकिन करीब 11 बजे फिर से हल्की बारिश और बर्फबारी होने लगी, जो दिनभर चलती रही।

जौनसार की पहाड़ियों पर भी बर्फ ही बर्फ

चकराता में गुरुवार सुबह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। चकराता में दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में कैद होने को मजबूर कर दिया। चकराता के साथ ही खंडबा, मुंडाली, मोयला टॉप, कथियान वैली, लोखंडी, देववन आदि में बर्फ पड़ी।

कुमाऊं में भी गिरी बर्फ

उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में भी बुधवार से बर्फ पड़नी शुरू हो गई थी। बारिश और बर्फबारी का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। मुंस्यारी, पिथौरागढ़, बागेश्वर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *