Wed. Feb 11th, 2026

चार धाम देवस्थानम बोर्ड: तीर्थ पुरोहितों ने मंत्रियों के आवास के बाहर किया शीर्षासन

– उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने 27 नवंबर 2019 को मंत्रिमंडल से देवस्थानम बोर्ड बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस दिन को चारों धामों के तीर्थ-पुरोहित व हक-हकूकधारी काला दिन के रूप में मनाएंगे। महापंचायत के संयोजक सुरेश सेमवाल ने कहा कि आगामी 27 नवंबर को देवस्थानम बोर्ड के विरोध में देहरादून में गांधी पार्क से सचिवालय तक आक्रोश रैली निकाली जाएगी।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। चारधाम देवस्थानम बोर्ड के विरोध में तीर्थ पुरोहितों व हक-हकूकधारियों ने आज (मंगलवार) यमुना कॉलोनी स्थित कृषि मंत्री सुबोध उनियाल सहित अन्य मंत्रियों के आवास के बाहर धरना दिया। चारधाम तीर्थ-पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत ने कहा कि सरकार देवस्थानम बोर्ड को तत्काल भंग करे। यदि सरकार ऐसा नहीं करती तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान तीर्थ पुरोहितों ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और बिशन सिंह चुफाल के आवास के बाहर शीर्षासन कर भी विरोध जताया।

महापंचायत के संयोजक सुरेश सेमवाल ने कहा कि आगामी 27 नवंबर को चारों धामों के तीर्थ पुरोहित काला दिवस के रूप में मनाएंगे। इस दिन देहरादून में देवस्थानम बोर्ड के विरोध में गांधी पार्क से सचिवालय तक आक्रोश रैली निकाली जाएगी।

प्रदर्शन में चारधाम महापंचायत के संरक्षक संजीव सेमवाल, यमुनोत्री तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव लखन उनियाल, कोषाध्यक्ष अमित उनियाल, सह सचिव आलोक उनियाल, गंगोत्री तीर्थ पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पवन सेमवाल, गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष महेश सेमवाल, सह सचिव निखिलेश, महा पंचायत समन्वयक राजेश सेमवाल, गंगोत्री मंदिर के रावल मुकेश सेमवाल, ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित महापंचायत बदरीनाथ धाम के केंद्रीय अध्यक्ष उमेश सती, सचिव डीके कोठियाल, पंडा पुरोहित महासभा बदरीनाथ धाम के अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, दुर्गेश भट्ट, केदार सभा कार्यकारिणी सदस्य आचार्य संतोष त्रिवेदी, संजय तिवारी, चंडी प्रसाद तिवारी, सौरभ शुक्ला आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *