1962 से बंद जादूंग गांव पर्यटन के लिए खुलेगा, महाराज ने रक्षा मंत्री से की बात

-सतपाल महाराज ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। उत्तरकाशी स्थित जादूंग वैली को पर्यटकों के लिए खोलने पर चर्चा हुई। रक्षामंत्री ने सतपाल महाराज से इस संबंध में प्रस्ताव देने को कहा।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने जनपद उत्तरकाशी स्थित जादूंग वैली को पर्यटकों लिए खोलने का अनुरोध किया।
महाराज ने राजनाथ सिंह से 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सुरक्षा कारणों के चलते खाली कराए गए नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण उत्तरकाशी जनपद स्थित जादूंग गांव को पर्यटन के लिए खोलने का अनुरोध किया। रक्षामंत्री ने महाराज से कहा कि वह इस संबंध में शीघ्र प्रस्ताव बनाकर दें। इस पर विचार किया जाएगा। महाराज ने राजनाथ सिंह से हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण में सहयोग के लिए भी कहा। जिस पर उन्होंने सहयोग का भरोसा दिलाया।
महाराज ने रक्षा मंत्री से यह भी कहा कि डीआरडीओ के वैज्ञानिक ऐसे नकाब या हेलमेट बनाएं, जिससे हवाई जहाज में हवा आने के स्थान से उनको जोड़ा जा सके। ऐसा करने से मास्क पहनने की आवश्यकता नहीं रहेगी। महाराज के सुझाव पर रक्षा मंत्री ने कहा कि वह डीआरडीओ के वैज्ञानिकों को निश्चित रूप से यह काम सौंपेंगे।
उत्तराखंड में सेना में भर्ती के विषय में चर्चा करते हुए महाराज ने रक्षा मंत्री से कहा कि सेना में महिलाओं की भर्ती होनी चाहिए। इसके लिए देहरादून व हल्द्वानी में भर्ती कैंप आयोजित किए जाने चाहिए।