एनएसयूआई ने मांगा वन मंत्री हरक सिंह रावत का इस्तीफा
देहरादून: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसूयआई) ने फॉरेस्ट गार्ड परीक्षा में धांधली का आरोप लगाते हुये राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग मुख्यालय का घेराव किया गया। उन्होंने वन मंत्री हरक सिंह रावत का इस्तीफा मांगा। साथ ही आयोग ने अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने की भी मांग की।
एनएसयूआई कार्यकर्ता वीरवार को दोपहर लगभग 12 बजे अधीनस्थ चयन सेवा आयोग कार्यालय के पास एकत्र हुये। वहां से नारेबाजी करते हुये कार्यकर्ताओं ने मुख्यालय के लिए कूच किया। आयोग के गेट पर भारी पुलिस बल मौजूद था। पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। ऐसे में एनएसयूआई कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गये। धरने की खबर पर अपर सिटी मजिस्ट्रेट मायाराज जोशी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में पहली मांग के रूप में वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत का इस्तीफा मांगा जाना शामिल है। वहीं, चयन आयोग के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने, फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को तत्काल रद्द करने, परीक्षा में धांधली मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग शामिल है। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि बेरोजगार को छलने वाली सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन हो रहे हैं। बेरोजगार युवाओं को न्याय नहीं मिला तो एनएसयूआई उग्र आंदोलन छेड़ेगी। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष सौरभ ममगाईं ने कहा कि एनएसयूआई बेरोजगार युवाओं के साथ खड़ी है। घेराव करने वालों में प्रदेश महासचिव आयुष गुप्ता, हरिओम भट्ट, गौरव सागर, प्रदीप कुंवर, विपुल गौड़, अभिषेक डोबरियाल, अभय, विकास नेगी, आदित्य बिष्ट, हिमांशु रावत, उदित थपलियाल, अंकित बिष्ट, अक्षित रावत, अक्षत भट्ट, गोविंद रावत, शशांक जोशी, प्रियल ध्यानी, शिवानी थापा, कोमल, इरम बेग, विजय बिष्ट, नमन शर्मा, मानसी, प्रियांशु गौड़ आदि मौजूद रहे।

