Sat. Nov 7th, 2026

उत्तराखंड में भारी हिमपात की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। विशेषकर बुधवार और गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में दो हजार मीटर की ऊंचाई तक के क्षेत्रों में भारी हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर शासन ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) की सक्रियता के कारण अगले तीन दिन मौसम की दृष्टि से संवेदनशील हैं। इसी के मद्देनजर प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के अलर्ट के बाद शासन ने गाइड लाइन जारी कर सलाह दी है कि अत्यधिक ऊंचाई पर बसे गांव के लोग यदि संभव है तो फिलहाल निचले स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। शासन ने बर्फबारी वाले इलाकों की यात्रा टालने की भी सलाह दी है।

चमोली में जोशीमठ से औली जाने वाले मार्ग को भी खोल दिया गया है। भारी बर्फबारी के बाद से यह मार्ग करीब एक पखवाड़े से बंद था। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि गंगोत्री हाईवे पर से भी बर्फ हटा दी गई है, लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल यहां सेना के वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति दी गई है। मौसम भले ही साफ हो लेकिन बर्फ से ढके गांवों में दुश्वारियां अब भी बरकरार हैं। बर्फ से लकदक चालीस से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इसके अलावा आधा दर्जन सड़कों पर आवागमन भी बाधित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *