Wed. Oct 28th, 2026

बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में केस, सुसाइड नोट मिला

देहरादून में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई ने व्यापारिक लेन-देन को लेकर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया।

देहरादून। रायपुर थाना में बिल्डर पुनीत अग्रवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला एटीएस देहरादून में रहने वाले पंकज मित्तल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से जुड़ा है। मृतक के भाई अजय मित्तल की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में व्यापारिक लेन-देन के चलते पंकज को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार 26 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे पंकज मित्तल दो मंजिला इमारत से नीचे गिरे हुए मिले थे। उनके सिर पर चोट लगी थी। घटना की जानकारी मिलने पर मामले की जांच शुरू की गई। इस दौरान मौके से एक सुसाइड नोट मिलने की बात भी सामने आई है। शिकायत के अनुसार, सुसाइड नोट में बिल्डर पुनीत अग्रवाल पर व्यापारिक लेन-देन को लेकर मानसिक रूप से परेशान करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया है।

सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों की की जांच करेगी पुलिस 

पंकज मित्तल मूल रूप से पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़,जिला फतेहगढ़ साहिब के रहने वाले थे। उनके भाई अजय मित्तल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर रायपुर थाना पुलिस ने 26 अक्टूबर की रात 11:24 बजे प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक दीपक देवड़ी को सौंपी है। अब पुलिस सुसाइड नोट में दर्ज आरोपों, व्यापारिक लेन-देन से जुड़े तथ्यों और घटना की परिस्थितियों की जांच करेगी। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, बिल्डर पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *