Thu. Apr 23rd, 2026

एनएसयूआई ने विधायक आवास पर बोला धावा

देहरादून, 15 नवंबर: निजी आयुर्वेदिक कॉलेजों और एचएनबी गढ़वाल विवि की ओर से की गई शुल्क वृद्धि के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार की शाम विधायक आवास के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया। इससे पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। मौके पर पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक रोहिला ने कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन लिया।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी के नेतृत्व में शाम पांच बजे कार्यकर्ताओं ने रेसकोर्स स्थित विधायक आवास के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता विधायकों से मिलने अंदर जाने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे कार्यकर्ता नाराज हो गये। उन्होंने जबरन अंदर जाने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इस गुस्साये कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गये। भंडारी ने कहा कि फीस वृद्धि को लेकर लंबे समय से आंदोलन चल रहा है। लेकिन, जन-प्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं। उत्तराखंड को मोदी ने जो चौकीदार दिए थे वो सभी सो गए हैं। एनएसयूआई ने तय किया है कि इन चौकीदारों को उन्हीं की सिटी बजाकर जगाया जायेगा। आने वाले दिनों में मंत्री व मुख्यमंत्री आवास के बाहर सिटी बजाकर प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं के वहीं डटे रहने पर सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक रोहिला मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी, जिला अध्यक्ष सौरभ ममगांई, आयुष गुप्ता, विपुल गौड़, आदित्य बिष्ट, अभिषेक डोबरियाल, राजेश भट्ट, आसिफ मलिक, उदित थपलियाल, अक्षित रावत, अक्षत भट्ट, अंकित रावत, सार्थक रांगड़, सिद्धार्थ अग्रवाल, शशांक जोशी, कलम सिंह, वंश, गौरव रावत, निखिलेश उनियाल आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *