Fri. Jun 19th, 2026

जनरल ओबीसी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी भराड़ीसैंण में गिरफ्तार

देहरादून: जनरल ओबीसी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी को पुलिस ने भराड़ीसैंण चमोली में गिरफ्तार कर लिया। जोशी कर्मचारियों के साथ पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने और पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंसीधर भगत की कार के सामने भी प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार (आज) से भराड़ीसैंण विधानसभा में शुरू हो गया। विधानसभा सत्र के पहले दिन की शुरूआत हंगामेदार रही। सदन के अंदर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन जताया तो वहीं, सदन के बाहर जनरल ओबीसी कर्मचारियों ने जोरदार आंदोलन किया। बजट सत्र के दौरान जनरल ओबीसी कर्मचारी विधानसभा के सामने धरने पर बैठ गए। जनरल ओबीसी कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि पूरे देश और तमाम राज्यों में पदोन्नति में आरक्षण समाप्त करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन हो रहे हैं। सरकार ने यदि सामान्य वर्ग के लोगों को प्रताड़ित करने की कोशिश की तो यूपी के 16 लाख कर्मचारी और तमाम राज्य के कर्मचारी बिना किसी सूचना के हड़ताल पर चले जाएंगे, इसकी जिम्मेदार उत्तराखंड सरकार और केंद्र सरकार होगी। जोशी ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के वाहन के सामने भी हंगामा किया। जिस पर उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। विधायकों पर दबाव बनाने के उद्देश्य से पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा के जनरल ओबीसी कर्मचारी बड़ी संख्या में गैरसैंण (भराड़ीसैंण) पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *