पटेल नगर में कोरोना पॉजिटिव मिले, प्रशासन ने किया सील
देहरादून। नगर निगम देहरादून के पूर्वी पटेल नगर में कोरोना संक्रमित व्यक्ति मिले हैं। संक्रमण रोकने लिए कदम उठाते हुए जिला प्रशासन ने पूरा क्षेत्र सील कर दिया। जिलाधिकारी डॉ आशीष कुमार श्रीवास्तव ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्वी पटेलनगर (रामगडिया भवन के पीछे) शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमित लोग पाये गए। इसलिए उक्त क्षेत्र को कन्टेंनमेंट जोन घोषित किया गया है। पूर्वी पटेलनगर (रामगडिया भवन के पीछे) का वह हिस्सा, जिसके पूरब में सड़क, पश्चिम में तरसेन का भवन व उसके बाद की गली, उत्तर में सड़क ओर दक्षिण में सरदार सुखबीर सिंह का मकान स्थित है, यह क्षेत्र पूरी तरह लॉक डाउन रहेगा। इस क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकलेगा। परिवार के एक व्यक्ति को सरकारी मोबाइल दुकान से सामान खरीदने की छूट मिलेगी। इस क्षेत्र में सरकारी व निजी कार्यालय पूरी तरह बंद रहेंगे। लॉक डाउन के नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, शनिवार को लॉक डाउन की अवधि में जनपद के नगर निगम देहरादून, ऋषिकेश सहित सभी नगर पालिका क्षेत्रों में सेनिटाइजेशन किया गया।
