एबीवीपी के खिलाफ एनएसयूआई ने किया प्रदर्शन, राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग
देहरादून। एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुब्बैया के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शकारियों ने कहा कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ सुब्बैया पर महिला उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
एनएसयूआई कार्यकर्ता डीवीपी पीजी कालेज में इकट्ठा हुए। वहां से नारेबाजी करते हुए एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय कूच किया। लेकिन, करणपुर चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक लिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने एबीवीपी का पुतला फूंका और सुब्बैया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि एबीवीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर महिला ने उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करवाया है। एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें डॉ सुबैय्या छेड़छाड़ करते दिख रहे हैं। इस प्रकार की मानसिकता वाले व्यक्ति को एबीवीपी में शीर्ष पद से नवाजा गया है। कार्रवाई के बजाय उसका बचाव किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन पर कार्यवाही न करने का दबाव बनाया जा रहा है, जो कि शर्मनाक है। इससे साफ हो गया है कि आरएसएस, बीजेपी और एबीवीपी इस तरह की मानसिकता वाले लोगों को शरण देता है। प्रदर्शन करने वालों में मोहित रावत, विनीत प्रसाद भट्ट, प्रदेश महासचिव आयुष गुप्ता, जिला अध्यक्ष देहरादून सौरभ ममगाईं, संदीप नेगी, जिला अध्यक्ष संदीप चमोली, समीर अंसारी, अभिषेक डोबरियाल, हिमांशु रावत,आकाश आजाद, उदित थपलियाल, अंकित बिष्ट, वाशु शर्मा, आयुष चौहान, उत्कर्ष जैन, सागर पुंडीर, सौरभ कुमार, महेंद्र चौहान, प्रभात, विजय बिष्ट, सागर मनियारी, आशीष, चिराग, हरीश, अमन लड्डू आदि मौजूद रहे।
