दो गिरफ्तार, एटीएम तोड़कर रुपया निकालने के प्रयास का आरोप
देहरादून। एटीएम तोड़कर रुपया निकालने के प्रयास करने के दो आरोपियों को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप (25) और सोनू कुमार (28) दोनों निवासी ग्राम बसावलपुर थाना नैहटौर जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
घटना तपोवन रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम की है। वहां 31 जुलाई की रात को एटीएम तोड़ने का प्रयास किया गया। पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक विजय सिंह रावत ने थाना रायपुर में तहरीर थी। सोमवार यानी आज पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुलदीप स्वीगी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। जबकि सोनू बिजली मिस्त्री है। कोरोना संकट के कारण उनके पास काम नहीं था, जिस कारण उनके पास रुपए की कमी हो गई थी। इसलिए उन्होंने एटीएम तोड़कर रुपया निकालने का प्लान बनाया। इसके लिए दोनों ने कई एटीएम का निरीक्षण कर तपोवन रोड पर ननूरखेड़ा स्थित एटीएम को चिन्हित किया। यह कुलदीप के कमरे से सबसे नजदीक व सुनसान स्थान में था। प्लान था कि जिस दिन तेज बारिश होगी, उस दिन एटीएम तोड़कर रुपए निकाल लेंगे। प्लान के अनुसार दिनांक 31 जुलाई 2020 को दोनों ने रात करीब 8:30 बजे तपोवन रोड पर ननूरखेड़ा में स्थित पीएनबी एटीएम बैंक की रेकी की। रात करीब 11 बजे हेलमेट व गरम हुड पहनकर, लोहे की छेनी, पेचकस, लोहा कटर, कटर ब्लेड लेकर कुलदीप की मोटरसाइकिल पर एटीएम पहुंचे। सोनू एटीएम के अंदर गया और कुलदीप बाहर रेकी करने लगा। सोनू ने एटीएम का बाहर का दरवाजा पेशकश, लोहे की छेनी से तोड़कर खोल दिया। लेकिन, अंदर जहां रुपए होते हैं वहां का दरवाजा नहीं तोड़ पाया। कुलदीप लोहा कटर लेकर एटीएम के अंदर गया। लेकिन, बाहर किसी वाहन के आने की हलचल सुनकर दोनों डर गए और वापस सोनू के कमरे नालापानी चौक आ गए।
