अवैध खनन करने वालों की नहीं पकड़ पाई पुलिस, डंपर व पिकअप सीज
देहरादून। चोरी छिपे अवैध खनन करने के आरोप में विकासनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही एक डंपर व एक पिकअप को सीज कर दिया है। लेकिन, पुलिस अवैध खनन करने वालों को नहीं पकड़ पाई।
विकास नगर क्षेत्र में पुलिस को निरंतर अवैध खनन की शिकायत मिल रही थी। इस पर सीओ विकासनगर ने चौकी थाना प्रभारियों को अवैध खनन पर रोकने व इसमें लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई को कहा। रविवार की रात डाक पत्थर पुलिस को सूचना मिली कि जलालिया व बाड़वाला में यमुना किनारे कुछ लोग चोरी से अवैध खनन कर रहे हैं। इस पर चौकी प्रभारी डाकपत्थर कुन्दन राम पुलिस टीम के साथ जलालिया यमुना नदी किनारे पहुंचे। पुलिस के पहुंचते ही यमुना नदी से अवैध खनन कर रहे लोग डंपर व अवैध खनन की गई सामग्री छोड़ कर भाग गए। चौकी प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि मौके से एक पिकअप व डंपर मय अवैध खनन सामग्री के साथ बरामद किया गया है। दोनों को सीज कर दिया गया है। डंपर के मालिक सतपाल सिंह निवासी सभावाला थाना सहसपुर और पिकअप के मालिक फिरोज अहमद निवासी जीवनगढ़ थाना विकासनगर हैं। दोनों से पूछताछ की जाएगी। मौके से फरार हुए अवैध खनन वालों को गिरफ्तार किया जाएगा।
