गैरसैण विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री ने फहराया तिरंगा, कई योजनाओं का शिलान्यास
गैरसैंण। स्वतंत्रता दिवस पर उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने तिरंगा फहराया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गैरसैंण के लिए करोड़ों रुपए की घोषणाएं भी की।
शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री भराड़ीसैंण कार्यक्रम में पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के साथ उन्होंने ध्वजारोहण कार्यक्रम में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण का सुनियोजित विकास किया जाएगा। विकास योजना को रोडमैप के लिए कमेटी का गठन होगा। भराड़ीसैंण को ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाना समय की जरूरत थी। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी में सरकार तेजी के साथ काम कर रही है। प्रदेश में हेल्थ सिस्टम पहले के मुकाबले बेहतर हुआ है। मुख्यमंत्री ने गैरसैंण में 50 बेड का जिला अस्पताल बनाने की घोषणा की। भराड़ीसैंण विधानसभा में मिनी सचिवालय की स्थापना, गैरसैंण में नेटवर्किंग का विस्तारीकरण व गैरसैंण में लोक निर्माण विभाग का 8 कमरों का निरीक्षण भवन बनाने की भी घोषणा की। इसके साथ ही गैरसैंण ब्लॉक में कोल्ड स्टोरेज एवं फूड प्रोसेसिंग प्लांट, भराड़ीसैंण में ईको पार्क की स्थापना व राजकीय आईटीआई गैरसैंण के भवन निर्माण कराने की बात भी कही। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद विभिन्न विभागीय योजनाओं के शिलान्यास किया गया। शनिवार को मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम भराड़ीसैण में ही करेंगे।
