Thu. Sep 3rd, 2026

टिहरी बांध विस्थापित सुनारगांव अठूरवाला में 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या

देहरादून। टिहरी बांध विस्थापित क्षेत्र सुनार गांव अठुरवाला (देहरादून) में एक 70 वर्षीय वृद्धा की हत्या कर दी गई। पड़ोसियों की सूचना पर डोईवाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव का पंचनामा भरकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष डोईवाला ने बताया कि मृतक वृद्धा की पहचान मृतक पुतुल घोष पुत्री स्व अमल कुमार घोष निवासी शहीद द्वार, सुनार गांव अठूरवाला के रूप में हुई। मृतक मूल रूप से 24 कान्वेंट रोड कोलकत्ता की निवासी थी। मृतक वृद्धा अविवाहित थी और अपने मामा के साथ सुनार गांव में मकान में रहती थी। 7- 8 महीने पहले उनके मामा की मौत हो गयी थी। तब से वह अकेली ही इस मकान में रह रही थी। बुधवार सुबह मृतक वृद्धा के पड़ोसी उनके बरामदे में रखा अपना समान लेने उनके घर पर गए थे। उन्होंने देखा कि घर के मुख्य चैनल पर अन्दर से ताले लगे हुये हैं। उन्होंने आवाज दी। लेकिन, अन्दर से कोई उत्तर नहीं मिला, इस पर वह घर के पिछले हिस्से की ओर गये। उन्होंने देखा घर के पिछले हिस्से की खिड़की टूटी हुयी है। अन्दर झांकने पर बुजुर्ग महिला का शव घर के अन्दर पड़ा दिखा। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष ने बताया कि वृद्धा के हाथ, पैर व मुंह को कपड़े से बांधा गया था। सिर व चेहरे पर चोट के निशान थे। फोरेंसिक टीम से घटनास्थल की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *