पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन पर चल रहीं भाजपा की केंद्र व राज्य सरकारें
देहरादून। भाजपा महानगर देहरादून के कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें याद किया। महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डिजिटल उद्बोधन सुना। कार्यक्रम से पहले महानगर के अंबेडकर मंडल गांधी पार्क स्थित उपाध्याय की मूर्ति पर महानगर के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के साथ माल्यार्पण किया।

महानगर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष नरेश बंसल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चिंतन पर भाजपा की केंद्र एवं राज्य की सरकारें चल रही हैं। सरकारों को जनता का पूरा साथ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल का चिंतन समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता का चिंतन था, उनके विचार कार्यकर्ताओं के साथ ही देशवासियों के लिए भी सदा उपयोगी रहेंगे।

महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने कहा कि उपाध्याय के दिए गए दिशा निर्देशों के कारण ही आज हमारा संगठन नर सेवा को ही नारायण सेवा मानता है। इसका उदाहरण कोरोना काल में स्पष्ट दिखाई दिया। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सेवा में जुटा रहा। एक बार तो लगा कि हम राजनीतिक संगठन है या सामाजिक। उन्होंने कहा कि हम दोनों हैं, हमारे लिए राजनीति समाज के लिए है न कि समाज राजनीति के लिए। मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि उपाध्याय के विचारों की छाप इस युग पर भी है, जिससे करोड़ों जीवन प्रभावित हैं और उनका अनुसरण करते हैं।

इन कार्यक्रमों में विधायक हरबंस कपूर, खजान दास, दर्जा राज्यमंत्री चौधरी अजीत सिंह, रविंद्र कटारिया, राजकुमार पुरोहित, प्रदेश पदाधिकारी अनिल गोयल, विनय गोयल, महानगर महामंत्री सतेंद्र नेगी, रतन चौहान, मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल, विशाल गुप्ता, लच्छू गुप्ता, पवन चौधरी, हरीश कोहली, सुभाष यादव, रविंद्र वाल्मीकि, आनंद प्रकाश नौटियाल, ऋतु मित्रा, बबीता सहोत्रा सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। महानगर संगठन के सभी 913 बूथों पर भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर कार्यक्रम कर उन्हें याद किया गया।
