बांग्लादेश-अमेरिका की दोस्ती पर भड़का चीन, कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल किया बंद
बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ की है ओपन स्काई संधि, इसके बाद चीन ने मारी पलटी, बांग्लादेश से वैक्सीन के ट्रायल के लिए अब मांग रहा रुपया
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कुछ दिन पहले ही बांग्लादेश के साथ स्ट्रैजिक पॉर्टनरशिप को नई ऊंचाईयों तक ले जाने की कही थी बात
शब्द रथ न्यूज। बांग्लादेश और अमेरिका में दोस्ती होने पर चीन भड़क उठा है। इसी गुस्से में चीन की कंपनी सिनोवेक ने बांग्लादेश में अपनी कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल बंद कर दिया है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश ने अमेरिका के साथ ओपन स्काई संधि की है। इसके बाद चीन ने अपना असली रंग दिखाना शुरू कर दिया। कुछ दिन पहले ही चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बांग्लादेश के साथ स्ट्रैजिक पॉर्टनरशिप को नई ऊंचाईयों तक ले जाने की बात की थी। लेकिन, अब अपनी कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल बांग्लादेश में बंद कर दिया है।
चीन की कंपनी अब ट्रायल के लिए मांग रही रुपया
चीनी कंपनी ने बांग्लादेश के अधिकारियों से कहा है कि यदि बांग्लादेश कोरोना वैक्सीन का ट्रायल अपने देश में करवाना चाहता है तो उन्हें इसकी फंडिंग करनी होगी। गौरतलब है कि विश्व में इस समय कई वैक्सीन निर्माता अपने रुपए पर दूसरे देशों में फ्री में क्लिनिकल ट्रायल कर रहे हैं। खुद चीन भी लगभग 11 देशों में अपनी कोरोना वायरस वैक्सीन का ट्रायल फ्री में कर रहा है। ऐसे में बांग्लादेश जैसे छोटे और आनुपातिक रूप से गरीब देश से रुपया मांगना चीन की चाल हो सकती है।
सिनोवेक कंपनी अन्य देशों में कर रही फ्री ट्रायल
मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि चीनी कंपनी सिनोवेक ने जो चिट्ठी बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजा है, उसमें फंडिंग की मात्रा को नहीं बताया है। कंपनी की साइट पर भी अब वैक्सीन के बांग्लादेश में ट्रायल को लेकर जानकारी नहीं है। ज्ञात हो कि सिनोवेक कम्पनी ने कोरोनावेक नाम से एक वैक्सीन बनाई है, जिसका क्लिनिकल ट्रायल कई देशों में किया जा रहा है।
