पहाड़ को विकास प्राधिकरण को कोई जरूरत नहीं, जनता प्राधिकरणों से परेशान: मुख्यमंत्री
-मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सरकार के काम को जन जन तक के जाएं
शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) (shabd rath news)। उत्तराखंड में विकास प्राधिकरण बनाने को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत (cm Tirath Singh Rawat) ने गैरजरूरी बताया है। उन्होंने कहा कि पहाड़ और ग्रामीण क्षेत्रों को इन विकास प्राधिकरणों की कोई जरूरत नहीं है। पहाड़ की जनता इन प्राधिकरणों से परेशान है। अब राज्य में कोई विकास प्राधिकरण नहीं होगा। राज्य में 2016 से पहले की स्थिति ही रहेगी।
मुख्यमंत्री सोमवार को भाजपा पार्टी कार्यालय (BJP state office) में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ये प्राधिकरण जनता के लिए नहीं, बल्कि अधिकारियों के पेट भरने के लिए बनाए गए हैं। अब इस तरह नहीं चलेगा। सरकार जनहित के लिए होती है, इसलिए जनहित के काम व फैसले किए जाएंगे। अधिकारियों को कह दिया गया है कि मुझे काम चाहिए, उसका परिणाम चाहिए। उन्होंने कहा कि वक्त कम है और चुनौती बड़ी है। चार साल में हमारी सरकार ने खूब काम किए। कार्यकर्ताओं को यह काम जनता के बीच ले जाने में कंजूसी नहीं करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, अधिकारियों को बता दिया गया है कि कोरोना कल में दर्ज 4500 मुकदमे वापस होंगे। महाकुंभ में कोई रोक टोक नहीं होगी। इस निर्णय से अच्छा संदेश गया है, बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ में आए हैं। अखाड़ों में भी खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार के काम को जन जन तक पहुंचाएं।
