Sun. Feb 15th, 2026

यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, प्रधानमंत्री की ओर से करवाई गई पहली पूजा

-अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 15 मिनिट पर विशेष पूजा-अर्चना o विधि विधान के साथ यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले गए। मां यमुना के भाई समेश्वर देवता (शनि महाराज) की डोली भी उन्हें विदा करने यमुनोत्री तक गई।

मां यमुना की उत्सव डोली

शब्द रथ न्यूज (ब्यूरो) shabd rath news। यमुनोत्री मंदिर के कपाट आज अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधि विधान से खुल गए हैं। मंदिर में सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से पूजा करवाई गई। प्रधानमंत्री ने 11 सौ एक रुपये मंदिर समिति के खाते में भिजवाए।

यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल व सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ खरसाली से यमुनोत्री मंदिर के लिए रवाना किया गया। मां यमुना के भाई समेश्वर देवता (शनि महाराज) की डोली भी उन्हें विदा करने यमुनोत्री तक गई। अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 15 मिनिट पर विशेष पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोल दिए गए।

उन्होंने बताया कि कोविड महामारी को देखते हुए कपाटोद्घाटन में पुजारी, तीर्थ पुरोहित व पलगीर समेत मात्र 25 लोग शामिल हुए। सभी लोगों की कोरोना जांच कराई थी।

मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए इस बार चारधाम यात्रा पर यात्रियों को जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने घर पर रहकर ही पूजा-अर्चना करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *