उत्तराखंड के पहाड़ी रूटों पर आज से चलेंगी बसें, 100 प्रतिशत रहेंगी सवारी
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड के पहाड़ी रूटों पर आज से बसों का संचालन शुरू हो जायेगा। लगभग सभी रूटों पर बसों का संचालन होगा। खास बात यह है कि पुराने किराये पर ही यात्री बसों में सफर कर सकेंगे।
अंतरराज्यीय सार्वजनिक वाहनों का संचालन 100 प्रतिशत सवारी के साथ करने की छूट मिलने के बाद परिवहन व्यवसायियों ने बसें संचालित करने का निर्णय लिया है। आज सुबह से विभिन्न रूटों पर बसों का संचालन शुरू हो गया है।
गौरतलब है कि दो मई से पहाड़ी रूटों पर बसों का संचालन बंद हो गया था। बसें न चलने से यात्रियों को काफी परेशानी हो रही थी। अंतरराज्यीय सार्वजनिक वाहनों का संचालन 100 प्रतिशत सवारी के साथ करने की एसओपी जारी होने के बाद बस कंपनियों ने बसें चलाने का निर्णय लिया है।
ऋषिकेश से उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली, श्रीनगर सहित तीन दर्जन से अधिक रूटों पर प्रतिदिन सौ से अधिक बस सेवाएं संचालित होती है। टीजीएमओसी के अध्यक्ष जितेन्द्र नेगी ने बताया कि आज से पहाड़ी रूटों पर बसों का संचालन हो गया है। पहले दिन 10 फीसदी बसों का ही संचालन किया जायेगा। सवारियां बढ़ने पर अधिक बसें चलाई जायेगी।
यातायात कंपनी के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि वाहनों का संचालन 100 प्रतिशत सवारियों के साथ करने की एसओपी जारी होने के बाद बस कंपनियों ने बसें चलाने का निर्णय लिया है। सोमवार (आज) सुबह से बसों का संचालन शुरू हो गया है।
