Tue. Jan 20th, 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी, भाजपा का नया सरप्राइज

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। खटीमा विधायक पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री बने है। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी है। धामी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। उत्तराखंड की जनता के लिए यह भाजपा का नया सरप्राइज है। देखना होगा कि यह सरप्राइज जनता को कितना पसंद आता है।

शनिवार दोपहर तीन बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक शुरू हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए पुष्कर सिंह धामी के नाम का प्रस्ताव रखा गया। धामी के नाम पर रखे गए प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

इससे पहले लगभग पौने तीन बजे केंद्रीय पर्यवेक्षक एनएस तोमर और राष्ट्रीय महासचिव डी पुरंदेश्वरी के साथ प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय के अंदर केवल विधायकों व पदाधिकारियों को ही आने दिया जा रहा था।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक दल की बैठक के लिए विधायक व पार्टी नेता 12 बजे से ही जुटना शुरू हो गए थे। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी प्रदेश कार्यालय में दिखे। हालांकि, वह कार्यालय के बाहर ही रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *