Sat. Jun 6th, 2026

डॉ रमेश पोखरियाल निशंक की मोदी कैबिनेट से छुट्टी, अजय भट्ट की होगी इंट्री तो अनुराग ठाकुर का प्रमोशन

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। नरेंद्र मोदी केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल करने जा रहे हैं। कैबिनेट में जहां नए चेहरों को शामिल किया जा रहा है तो कई पुराने मंत्रियों की छुट्टी हो रही है। इसी कड़ी में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक की मोदी कैबिनेट से छुट्टी कर दी गई है यानी उन्हें कैबिनेट से हटा दिया गया है। सूत्रों के अनुसार निशंक की जगह उत्तराखंड से ही सांसद अजय भट्ट को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाया जा सकता है।

नैनीताल से सांसद हैं अजय भट्ट

उत्तराखंड के नैनीताल से सांसद अजय भट्ट भाजपा के कद्दावर नेता हैं। वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। ऐसा माना जाता है कि उन्हें उनकी मेहनत का फल मिला है, क्योंकि उत्तराखंड में भाजपा की जीत में उनका योगदान काफी रहा है।

देबाश्री का इस्तीफा तो अनुराग ठाकुर का होगा प्रमोशन

रमेश पोखरियाल निशंक के अलावा महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री देबाश्री चौधरी से भी इस्तीफा मांगा गया है। जबकि, वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का प्रमोशन कर उन्हें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

मंत्रिपरिषद की संख्या 53 से बढ़़कर हो जाएगी 72

गौरतलब है कि शाम छह बजे मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए मंत्रियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह होगा। मोदी सरकार के कैबिनेट विस्तार में 19 नए चेहरों को शामिल किए जाने की चर्चा है। विस्तार के बाद मंत्रिपरिषद की संख्या 53 से बढ़़कर 72 हो जाएगी। फेरबदल में कुछ मंत्रियों का कद भी बढ़ाया जा सकता है। इनमें प्रमुख नाम नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का भी है।

यह नेताओं को बुलाया गया प्रधानमंत्री आवास

मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास पहुंचने वालों में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया, महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य नारायण राणे, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के सिरसा से सांसद सुनीता दुग्गल, दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, उत्तराखंड से सांसद अजय भट्ट, कर्नाटक से सांसद शोभा करंदलाजे, महाराष्ट्र से सांसद प्रीतम मुंडे, अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल, लोक जनशक्ति पार्टी के पारस गुट के पशुपति पारस सहित कुछ अन्य नेता शामिल हैं।

राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में होगा शपथ ग्रहण समारोह

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे सभी नेता, शाम छह बजे राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में, मंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में मई 2019 में 57 मंत्रियों के साथ दूसरा कार्यकाल शुरू करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार केंद्रीय मंत्रिपरिषद में विस्तार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *