Mon. Feb 16th, 2026

शहीद वीरों की स्मृति चंदन के समानः महाराज

-पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को शौर्य स्थल पर शहीद सैनिकों के सम्मान में चंदन की पौध रोपित कर किया हरेला पर्व का शुभारंभ

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने रविवार को उत्तराखंड युद्ध स्मारक (शौर्य स्थल) पर शहीद सैनिकों के सम्मान में चंदन की पौध रोपित कर हरेला पर्व का शुभारंभ किया।

महाराज ने चीड़ बाग राजभवन के समीप स्थित उत्तराखंड युद्ध स्मारक शौर्य स्थल पर चंदन का पौधा रोपित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा व उनके आशीर्वाद से यहां पर शौर्य स्थल का निर्माण हुआ है। तत्कालीन रक्षा मंत्री मनोहर पारिकर ने इसका भूमि पूजन किया था। महाराज ने कहा कि यह हमारा पांचवा तीर्थ है और पूरे उत्तराखंड के लिए एक गौरव का स्थान है।

महाराज ने शहीद सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि शहीद वीरों की स्मृति चंदन के समान समाज को प्रेरित और सुगंधित करती रहे, यही इस चंदन पौधरोपण की भावना है। जिस प्रकार चंदन अपनी खुशबू से पूरे वातावरण को सुगंधित कर देता है, उसी प्रकार हमारे सैनिकों का शौर्य व सम्मान भी पूरे देश को सुगंधित करते हुए हमें आदर्श प्रदान करें।

इस अवसर पर पूर्व सांसद व शौर्य स्थल अध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि हमारा सौभाग्य है कि आज प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज शौर्य स्थल पर आए। उन्होंने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हरेला महोत्सव का चंदन पौध रोहित कर उद्घाटन किया। तरुण विजय ने कहा कि शहीदों की स्मृति उत्तराखंड का प्राण है। उन्होंने बताया कि सतपाल महाराज ने शौर्य स्थल पर लाइट व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है, इसके लिए वह उनका आभार व्यक्त करते हैं।

इस मौके पर एयर मार्शल बीडी जयाल, तनु जैन मुख्य कार्यकारी देहरादून कैंटोन्मेंट बोर्ड, छावनी परिषद के अनेक पार्षद और पूर्व सैनिकों सहित भारतीय जनता युवा मोर्चा के शंकर रावत और अनिल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *