निजी कालेजों की मान्यता पर लटकी तलवार, विवि की आपात बैठक कल
-श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध 8 निजी कालेजों के तय सीटों से अधिक पर अवैध एडमिशन कराकर परीक्षा कराने का मामला। कुलपति डॉ पीपी ध्यानी ने बुलाई आपात बैठक
शब्द रस्थ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। श्रीदेव सुमन विवि से संबद्ध 8 निजी कालेजों पर तय सीटों से अधिक पर अवैध एडमिशन कराकर परीक्षा कराने के मामले में कार्रवाई की तलवार लटक गई है। विवि की 31 अगस्त को होने वाली कार्य परिषद की आपात बैठक में दोषी कालेजों को लेकर निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में कालेजों पर गाज गिरना तय है। बैठक में कार्य परिषद में 481 छात्रों के परीक्षा परिणाम घोषित करने को लेकर भी फैसला लिया जाना है।
गौरतलब है कि कालेजों की ओर से अवैध एडमिशन कराने का मामला उजागर होने पर विवि ने 481 छात्रों के परीक्षा परिणाम रोक दिया था। दोषी कालेजों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विवि ने कल (31 अगस्त) कार्य परिषद की आपात बैठक को बुलाई है।
तय सीटों से ज्यादा एडमिशन कराने के मामले हरिद्वार के 3, देहरादून के एक व रुड़की के 4 कालेज शामिल हैं। इन कफलेजों ने स्वीकृत सीटों से अधिक पर एडमिशन कर 481 छात्र छात्राओं की परीक्षा भी करवा दी। कल की मीटिंग में इनके बारे में निर्णय होगा।
विवि के कुलपति डॉ पीपी ध्यानी मानते हैं कि प्रकरण में छात्रों का दोष नहीं है। उनका परीक्षा परिणाम घोषित किया जाना चाहिए। लेकिन, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले कालेजों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि इन कालेजों की सीटें कम हो सकती हैं या मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
8 निजी कालेजों ने छात्रों की स्वीकृत से अधिक 481 सीटों पर एडमिशन करवाया। यह नियम विरुद्ध है। मामले को लेकर कल (मंगलवार) को कार्य परिषद की आपात बैठक बुलाई गई है। बैठक में निर्णय लिया जाएगा।
डाॅ पीपी ध्यानी
कुलपति, श्रीदेव सुमन विवि
