सेल्फी के चक्कर में दो की दर्दनाक मौत, ट्रेन की चपेट में जान
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। अल्मोड़ा से रुद्रपुर आए दो युवकों की शुक्रवार देर रात सेल्फी लेने के चक्कर में काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत हो गई। युवक अपने दोस्त के साथ अल्मोड़ा से रुद्रपुर बहन के घर आया था। मृतक की बहन 31वीं वाहिनी पीएसी में तैनात है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
अल्मोड़ा (एडम्स स्कूल के समीप) के रहने वाले लोकेश लोहनी (35 वर्षीय) अपने दोस्त जल निगम कॉलोनी अल्मोड़ा निवासी मनीष कुमार आर्या (25 वर्षीय) के साथ शुक्रवार की सुबह स्कूटी ने रुद्रपुर के निकले थे। देर शाम दोनों घूमने निकले थे।
चश्मदीदों का कहना था कि शुक्रवार देर रात साढ़े नौ बजे के करीब शांति विहार कॉलोनी रेलवे ट्रैक पर दोनों दोस्त पटरी पर खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहे थे कि अचानक काठगोदाम से देहरादून जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों युवक छिटकर समीप के नाले में जा गिरे। दोनों की मौत हो गई। घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पुलिस ने मृतक युवकों की शिनाख्त की। शांति विहार कॉलोनी निवासी मृतक लोकेश की बहन के परिजनों को घटना की खबर दी। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
