Sun. Jan 18th, 2026

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: भाजपा में शामिल हुईं महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य

-सरिता आर्य के साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने सरिता आर्य को सभी पदों से हटाते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। नैनीताल की पूर्व विधायक व महिला कांग्रेस की वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य भाजपा में शामिल हो गईं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें सोमवार (आज) को देहरादून में पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

सरिता आर्य के साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने सरिता आर्य को सभी पदों से हटाते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

गौरतलब है कि सरिता आर्य ने बगावती तेवरों से कांग्रेस मुख्यालय का माहौल गरमा रखा था। भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबरों के बाद उन्होंने शनिवार को पार्टी कार्यालय में साफ तौर पर कहा था कि अभी तो मैं कांग्रेस में हूं, आगे का पता नहीं। लोकतंत्र है, हर कोई अपने लिए सोचने को स्वतंत्र है। भाजपा टिकट देगी तो वहां से भी चुनाव लड़ लेंगी।

शुक्रवार देर रात सरिता आर्य के भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबर बाहर आई। इसके बाद पार्टी नेता उन्हें मनाने में जुट गए। सबकुछ ठीक है का संदेश देने के लिए प्रदेश महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी उन्हें मानते हुए कांग्रेस भवन लेकर आए। लेकिन, सरिता के बगावती तेवर जारी रहे।

भाजपा में जाने की संभावनाओं के बाबत पूछने पर उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड में 40 नहीं तो कम से कम 20 प्रतिशत महिलाओं को टिकट मिले। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते पार्टी से जुड़ी महिलाओं के हक की आवाज उठाना उनकी जिम्मेदारी है। लेकिन, वह भी पूछ रही हैं कि जब आपका ही टिकट पक्का नहीं है तो हमारी आवाज कैसे उठाएंगी।

उन्होंने भाजपा नेताओं से मुलाकात की बात से तो इनकार किया। लेकिन, यह भी जोड़ा की मैंने अपनी बात रख दी है। खुद को कांग्रेस की सच्ची सिपाही भी बताया। लेकिन, यह भी जोड़ा कि यदि मुझे नजरअंदाज किया गया तो मैं अपने बारे में सोचने के लिए स्वतंत्र हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *