Thu. Apr 23rd, 2026

अस्पताल कर्मी की मौत: डॉक्टर समेत 6 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज

-न्यायालय के आदेश पर काशीपुर कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। काशीपुर (उधमसिंहनगर) पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर उजाला अस्पताल के एक डॉक्टर, कंपाउंडर और गार्ड समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों में एक अज्ञात भी शामिल है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मुकदमा उजाला अस्पताल के ही एक कंपाउंडर की मौत के मामले में दर्ज हुआ है।

पुलिस ने बताया कि ग्राम खानपुर बंद जिला संभल (यूपी) निवासी मलखान महराज ने न्यायालय में धारा 156 (3) के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इसमें कहा था उसका भाई प्रदीप कुमार उजाला हॉस्पिटल में 13 वर्षों से कंपाउंडर के पद पर कार्यरत था। घटना के सात दिन पहले प्रदीप ने बताया था उसका स्टाफ व प्रबंधन से झगड़ा और गाली-गलौज हुई थी। ये लोग साजिश के तहत उसे फंसा सकते हैं। 14 नवंबर 2021 को प्रदीप की पत्नी को सूचना दी गई कि प्रदीप की तबीयत खराब है। जब वह उजाला हॉस्पिटल पहुंची तो उसे एक कमरे में बैठा दिया और प्रदीप से नहीं मिलने दिया गया। करीब डेढ़ घंटे बाद जब मिलवाया गया, तब प्रदीप उसे मृत अवस्था में मिला।

मलखान ने कहा कि जब वह खुद हॉस्पिटल पहुंचा तो उसने देखा कि प्रदीप के सिर के पिछले हिस्से में चोट लगी हुई थी, वह खून से लथपथ था।  प्रदीप के दोनों हाथों के अंगूठों पर नीली स्याही के निशान थे। कुछ लोगों ने बताया हॉस्पिटल में तैनात कंपाउंडर सचिन, शिवम, शियाने आलम, चिकित्सक डॉ अमित, गार्ड धर्मेंद्र और एक अज्ञात ने मिलकर षड्यंत्र के तहत प्रदीप की हत्या की है। न्यायालय के आदेश पर काशीपुर कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *