उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022: तो गंगोत्री-यमुनोत्री विधानसभा सीटें भाजपा-कांग्रेस के हाथ से गई
-यमुनोत्री से निर्दलीय संजय डोभाल तो गंगोत्री से आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल का पलड़ा भारी
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (shabd rath news)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए हुए मतदान की गणना में कुछ ही समय बचा है। कल सुबह 8 बहे से मतगणना शुरू हो जाएगी और शाम तक परिणाम भी आ जाएंगे। लेकिन, इससे ठीक पहले उठी राजनीतिक चर्चाओं से आभास हो रहा है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों में से कोई भी गंगोत्री और यमुनोत्री विधानसभा सीटें नहीं जीत रहे हैं।
इन सीटों पर भाजपा और कांग्रेस की हार की आशंका सत्ताधारी भाजपा की ओर से किए गए इशारे से हुई है। दरअसल, आज चर्चाओं का बाजार गर्म है कि यमुनोत्री विधानसभा सीट पर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे संजय डोभाल ने मुख्यमंत्री धामी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ निशंक से मुलाकात की है। संजय डोभाल की भाजपा नेताओं से बातचीत से स्पष्ट है कि यह सीट निर्दलीय जीत रहा है यानी भाजपा-कांग्रेस यह सीट हार रहे हैं।
दूसरी तरफ, गंगोत्री विधानसभा सीट की बात करें तो यहां भाजपा-कांग्रेस के साथ ही आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री चेहरा घोषित कर्नल अजय कोठियाल सशक्त प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में हैं। एग्जिट पोल में आप को जो एक-आध सीट मिलने की संभावना जताई गई है, उसमें गंगोत्री विधानसभा सीट भी है। आम आदमी पार्टी भी इस सीट पर जीत की उम्मीद लगाए बैठी है। आप पदाधिकारियों का कहना है कि कर्नल कोठियाल ने जीत की पूरी गणित लगाकर ही इस सीट से चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।
ऐसे में इन दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा कांग्रेस की छुट्टी हो जाय तो आश्चर्यजनक नहीं होगा। बस… इसका निर्णय होने में अब कुछ ही घंटों का समय शेष है।
