उत्तराखंड: भाजपा ने शुरू की जोड़-तोड़, मुख्यमंत्री धामी और निशंक से दो निर्दलीय प्रत्याशियों के मिलने की चर्चा
-2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 31 और कांग्रेस को 32 सीटें मिली थी। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने जोड़-तोड़ से सरकार बनाने का विकल्प छोड़ दिया था। लेकिन, इस बार भाजपा सरकार बनाने का मौका गंवाना नहीं चाहती।
शब्द रथ न्यूज, ब्यूरो (Shabd Rath News)। भाजपा विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने का दावा कर रही है। लेकिन, उसकी जोड़-तोड़ से सरकार बनाने की भी तैयारी चल रही है। राजनीतिक हलकों में चर्चा खासी गर्म है कि जिताऊ माने जाने वाले दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात की। एक निर्दलीय ने मुलाकात की पुष्टि भी की है। जोड़-तोड़ की राजनीति में माहिर माने जाने वाले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी देहरादून में है। उनके देहरादून पहुंचने के बाद से कांग्रेस में खलबली है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत से लेकर कांग्रेस के अन्य नेताओं ने विजयवर्गीय की सक्रियता पर शंकाएं जाहिर की हैं।
सोमवार को कैलाश विजयवर्गीय की मौजूदगी में भाजपा की कई दौर की बैठक हुई। बैठकों में क्या हुआ, यह रहस्य है। लेकिन, इनके बाद उन प्रत्याशियों से संपर्क साधना शुरू हो गया, जिनके चुनाव में जीतने की संभावनाएं है। इनमें यमुनोत्री से निर्दलीय चुनाव लड़े संजय डोभाल का नाम सुर्खियों में है। डोभाल पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, डोभाल की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी एक मुलाकात हो चुकी है। डोभाल ने पुष्टि की कि उनकी भाजपा नेताओं से मुलाकात हुई। इसी तरह एक और निर्दलीय प्रत्याशी की भी सीएम धामी और डॉ निशंक से मुलाकात की चर्चा है। एक क्षेत्रीय दल के प्रत्याशी भी भाजपा के केंद्रीय और प्रांतीय नेताओं के संपर्क में बताए जा रहे हैं।
