Tue. Apr 21st, 2026

उत्तराखंड: सरकारी अस्पतालों में अब फ्री में होंगी 258 पैथोलॉजी जांच

-स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने गुरुवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पैथोलॉजी जांच निशुल्क दी जाएं।

उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में 258 तरह की पैथोलॉजी जांच निशुल्क होंगी। इससे राज्य के मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें जांच कराने से पहले बिल कटाने के झंझट से भी मुक्ति मिल जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने गुरुवार को स्वास्थ्य महानिदेशालय में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में मरीजों को पैथोलॉजी जांच निशुल्क दी जाएं।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में जांच के लिए शुल्क लिए जाने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सभी जांच निशुल्क की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में अभी 207 तरह की पैथोलॉजी जांच हो रही थी, जिन्हें बढ़ाकर अब 258 करने का निर्णय लिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में फ्री जांच 

पैथोलॉजी जांच फ्री करने का निर्णय स्वास्थ्य विभाग के जिला, उपजिला, बेस, संयुक्त और प्राथमिक अस्पतालों पर लागू होगा। बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेजों में भी जांच फ्री करने पर चर्चा हुई। लेकिन, इसमें पहले रिपोर्ट देने को कहा गया है। विभाग की रिपोर्ट के बाद ही मेडिकल कॉलेजों में जांच फ्री करने का निर्णय होगा।

108 सेवा के रिस्पॉन्स टाइम को कम से कम करने के निर्देश 

स्वास्थ्य मंत्री ने बैठक के दौरान खुशियों की सवारी के वाहन बढ़ाने के साथ इस सेवा को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खुशियों की सवारी से 90 हजार से अधिक गर्भवतियों को फायदा मिला है। इस को अधिक प्रभावी बनाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने 108 सेवा के रिस्पॉन्स टाइम को कम से कम करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *